उत्तराखण्डः नशे में धुत्त एसओ ने सड़क पर किया हंगामा! एसएसपी ने दिखाई सख्ती, तत्काल किया निलंबित
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड पर देर रात नशे में धुत्त एक थानाध्यक्ष ने खूब उत्पात मचाया। इस दौरान थानाध्यक्ष ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना के बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। एसएसपी ने इसका संज्ञान लेते हुए रात में थानाध्यक्ष शैंकी कुमार को निलंबित कर दिया। मेडिकल के बाद राजपुर थाने में ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं कालसी के थाना प्रभारी दीपक धारीवाल को राजपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वायरल वीडियो में एसओ राजपुर प्रथम दृष्टया सरकारी कर्मचारी होते हुए गलत आचरण करते हुए दिखाई दिये। मामले में एक्शन लेते हुए देहरादून एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से थानाअध्यक्ष राजपुर को निलंबित किया है। साथ ही उक्त प्रकरण में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने के आदेश भी दिये गये हैं। उक्त प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एसपी सिटी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि एसओ या अन्य लोग जो संलिप्त का मेडिकल कराकर नियमअनुसार कार्रवाई करते हुए समस्त प्रकरण की सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी लेते हुए प्रकरण की गहनता से जांच की जाए। एसएसपी देहरादून ने कहा कानून सबके लिए बराबर है। इसमें किसी को भी किसी तरह की छूट नहीं दी जा सकती है। एसएसपी देहरादून ने मामले में सख्त एक्शन लेते हुए सभी को एक संदेश देने की कोशिश भी की है।