उत्तराखण्डः बागेश्वर में महसूस हुए भूकंप के झटके! रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता
बागेश्वर। उत्तराखण्ड के बागेश्वर जिले में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। हांलाकि भूकंप के झटके बहुत हल्के थे। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 3.5 मैग्निट्यूड थी। बताया जा रहा है कि भूकंप का सेंटर बागेश्वर क्षेत्र में 29.93 डिग्री उत्तरी अक्षांश एवं 80.07 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई 10 किमी बताई गई है। राहत की बात ये है कि इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि भूकंप को लेकर लोगों में किसी तरह का पैनिक नहीं फैला। लोग तब तक सोकर उठ चुके थे और अपने दैनिक कार्य कर रहे थे। बता दें कि इससे पहले पिछले साल दिसंबर महीने में बागेश्वर के पड़ोसी जनपद पिथौरागढ़ में भूकंप आया था। वो 10 दिसंबर 2025 का दिन था। तब पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील की व्यास घाटी में भूकंप के झटके महसूस हुए थे। चीन के कब्जे वाले तिब्बत बॉर्डर में हाई हिमालयन रेंज में स्थित व्यास घाटी में आए भूकंप में भी कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ था। इसके साथ ही उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली जिले भी भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील हैं।