उत्तराखंड चुनाव विशेष:पहली बार वोटर दस्ताने पहनकर देंगे वोट, चुनाव आयोग ने और क्या क्या तैयारियां की है, जानिए खबर के लिंक में
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ते कोरोना के खतरे के मद्देनजर इस बार चुनाव आयोग ने विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए है।कोरोना के कारण इस वर्ष अगर चुनाव स्थगित नही हुए तो हर मतदाता को आयोग की तरफ से दस्ताने दिए जाएंगे और पोलिंग पार्टियों को भी सुरक्षित करने के लिए पीपीई किट और सैनिटाइजर दिए जाएंगे। मतदान में केवल उन्हीं कर्मचारियों की ड्यूटी लगेेगी, जिन्हें कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगी होंगी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या नेस्थानीय मीडिया को बताया कि कोविड से बचाव के लिए सभी पोलिंग बूथों पर भी विशेष इंतजाम होंगे। इसे तहत पोलिंग में लगे सभी कर्मचारियों को पीपीई किट पहनाई जाएगी, जबकि वोट डालने आने वाले हर मतदाता के लिए ग्लव्स और सैनिटाइजर की सुविधा होगी। हर वोटर स्याही लगाने के बाद ग्लव्स पहनकर ही ईवीएम का बटन दबाएगा।
विधानसभा चुनाव में कोरोना से बचाव के बारे में मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि अभी तक प्रदेश में करीब 99.9 प्रतिशत कर्मचारियों को कोविड की पहली डोज लग चुकी है जबकि करीब 78 प्रतिशत कर्मचारियों को ही दूसरी डोज लगी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजा है कि सभी कर्मचारियों को जल्द दूसरी डोज भी दी जाएगी क्योंकि मतदान में केवल उन्हीं कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी, जिन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगी होंगी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि जिन कोविड पॉजिटीव मरीजों को पोस्टल बैलेट दिया जाएगा, उनके मतदान की पूरी प्रक्रिया भी स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की नजर में पूर्ण होगी। पोस्टल बैलेट वाली टीम पीपीई किट पहनकर जाएगी। इसके बाद कोविड पीड़ित या क्वारंटीन मतदाता भी पीपीई किट पहनकर, ग्लव्स पहनकर, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के बाद पोस्टल बैलेट पर मतदान करेगा। इसकी पूरी वीडियोग्राफी होगी। इसके साथ ही विशेष सुरक्षा उपायों के साथ यह पोस्टल बैलेट स्ट्रांग रूम तक पहुंचेंगे।
आपको बता दें कि प्रदेश में 80 से अधिक आयु वर्ग के कुल एक लाख 58 हजार 742 मतदाता हैं, जिनमें 68 हजार 428 पुरुष, 90 हजार 312 महिला और दो अन्य श्रेणी के मतदाता हैं। इसी प्रकार, 40 प्रतिशत से अधिक बेंचमार्क वाले प्रदेश में 68 हजार 478 दिव्यांग मतदाता हैं। इनमें 43 हजार 672 पुरुष और 24 हजार 805 महिला मतदाता हैं। एक अन्य की श्रेणी में है।