उत्तराखण्डः देवभूमि में हर घर तिरंगा अभियान की धूम! आइटीबीपी के जवानों ने 14 हजार फीट की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा, हर तरफ ‘भारत माता की जय’ के नारों की गूंज
देहरादून। देशभर में आजादी के अमृत महोत्सव की धूम मची हुई है, हर तरफ महोत्सव को जश्न की तरह मनाया जा रहा है। जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकल रही हैं और लोग शान से अपने-अपने घरों पर राष्ट्र ध्वज को फहरा रहे हैं। उत्तराखण्ड में भी हर घर तिरंगा अभियान धूमधाम से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आइटीबीपी के जवानों ने 14,000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया। इसके साथ ही औली में भी इन हिमवीरों ने राष्ट्र ध्वज फहराकर देश प्रेम को प्रकट किया। इस दौरान हर तरफ भारत माता की जय के नारों से गूंज सुनाई दे रही है।

उधर 15 अगस्त से पहले 43 राष्ट्रीय संरक्षित स्मारकों में से पांच पर्यटन स्थल तिरंगे को प्रदर्शित करतीं डिजिटल रोशनी से जगमग हो गए। चारधाम मंदिरों में भी देशभक्ति की छटा दिखाई दे रही है। वहीं बदरीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम में भी तिरंगा फहराया गया।

इस दौरान पहाड़ से लेकर मैदान तक हर तरफ आजादी के अमृत महोत्सव को जश्न की तरह मनाया जा रहा है। लोग तिरंगा यात्रा निकालते हुए एक-दूसरे से घर-घर तिरंगा फहराने की अपील करते देखे जा रहे हैं। वहीं सरकारी विभाग भी इस अभियान से जुडते हुए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं और घर-घर जाकर तिरंगे वितरित कर रहे हैं। इसी क्रम में तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठन भी बढ़-चढ़कर तिरंगा अभियान का हिस्सा बन रहे हैं।