उत्तराखण्डः फैशन शो और युवतियों का रैंप वॉक! ऋषिकेश के होटल में हंगामा, हिन्दू रक्षा संगठन ने जताया विरोध
ऋषिकेश। देहरादून रोड स्थित एक होटल में उस समय खासा हंगामा हो गया, जब होटल में आयोजित फैशन शो ऑडिशन का विरोध करने हिंदू रक्षा संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए। दरअसल, होटल में दिवाली मेले की तैयारी के लिए फैशन शो का ऑडिशन चल रहा था। युवतियां वेस्टर्न परिधानों में रैंप वॉक कर रही थीं। इसी बीच हिंदू रक्षा संगठन के कुछ कार्यकर्ता होटल में पहुंच गए और ऑडिशन का विरोध करने लगे। उन्होंने इस आयोजन को संस्कृति और परंपराओं के विपरीत बताते हुए कार्यक्रम को तत्काल रोकने की मांग की। ऑडिशन रोकने के लिए आयोजन समिति और हिंदू रक्षा संगठन के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराया। हिंदू रक्षा संगठन के अध्यक्ष राघवेंद्र ने कहा कि यह तीर्थनगरी है यहां छोटे-छोटे कपड़ों में युवतियों का रैंप वॉक करवाना हमारी संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ है। वहीं क्लब अध्यक्ष पंकज चंदानी ने विरोध को आधारहीन बताया। कहा कि यह सिर्फ एक फैशन शो का ऑडिशन था।