• Home
  • News
  • Uttarakhand: Fire triggered by a cylinder explosion spirals out of control, consuming 33 houses; brought under control after four and a half hours; CM Dhami issues directives for relief.

उत्तराखण्डः सिलिंडर धमाके से बेकाबू हुई आग ने निगले 33 मकान! साढ़े चार घंटे बाद काबू, सीएम धामी ने दिए राहत के निर्देश

editor
  • Awaaz Desk
  • November 25, 2026 06:11 AM
Uttarakhand: Fire triggered by a cylinder explosion spirals out of control, consuming 33 houses; brought under control after four and a half hours; CM Dhami issues directives for relief.

उत्तरकाशी। जनपद के मोरी विकासखंड अंतर्गत दूरस्थ पवाणी गांव में मंगलवार शाम हुए भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। रसोई गैस सिलिंडर में विस्फोट के बाद विकराल हुई आग की चपेट में आकर गांव के करीब 33 पारंपरिक लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। इस विनाशकारी हादसे में 58 परिवारों के सिर से छत छिन गई है, जबकि गांव का एक प्राथमिक स्कूल और पंचायत भवन भी पूरी तरह नष्ट हो गया है। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग बुझाने के प्रयास में एक ग्रामीण घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे पवाणी गांव के एक आवासीय भवन में अचानक आग लग गई। पहाड़ी शैली में बने लकड़ी के मकान आपस में सटे होने के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच आग की लपटों की चपेट में आने से रसोई गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। ग्रामीणों को घरों से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका और देखते ही देखते 33 भवन राख के ढेर में तब्दील हो गए। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और बाल्टियों व उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने में जुट गए।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों और बचाव दलों के संयुक्त प्रयास से रात करीब 9:15 बजे, यानी साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह चोटिल हो गए। इस अग्निकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। कड़ाके की ठंड के बीच प्रभावित परिवारों के सामने आशियाने और रोजमर्रा की वस्तुओं का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल खाद्य सामग्री और राहत शिविर की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, अस्थायी शेल्टर निर्माण के लिए एसजेवीएनएल नैटवाड़ को सीएसआर मद से सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के सख्त निर्देश दिए हैं।


संबंधित आलेख: