उत्तराखण्डः देहरादून में डीएवी कॉलेज की दीवार गिरने से युवती की मौत! पुलिस ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, छात्रों का गुस्सा फूटा
देहरादून। राजधानी देहरादून के करनपुर स्थित डीएवी कॉलेज की पीछे की दीवार बृहस्पतिवार की रात अचानक भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में युवती की मौत हो गयी। वहीं इस मामले में पुलिस ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार रात डीएवी कॉलेज के पीछे की दीवार अचानक गिर गयी थी। इस दौरान काॅलेज के आसपास घूम रहे भाई-बहन इसकी चपेट में आ गए। हादसे में बहन की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुषमिता तोमर पुरोला डिग्री कॉलेज में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थीं। हाल ही में उसकी नौकरी लगी थी। उसका भाई रघुवीर तोमर देहरादून में डीएवी में पढ़ता है। करनपुर क्षेत्र में ही कमरा लेकर रह रहा है। सुषमिता अपने भाई के यहां आई हुई थी। रात करीब साढ़े आठ बजे के करीब भाई-बहन करनपुर घूमने आए थे। पैदल अपने कमरे की तरफ जा रहे थे तभी डीएवी कॉलेज की बैक वाली दीवार भरभरा कर गिर गई। दोनों इसकी चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने सषमिता को मृत घोषित कर दिया।