• Home
  • News
  • Uttarakhand: Girlfriend's fury erupts over betrayal in love! Teaches boyfriend a lesson with slippers.

उत्तराखण्डः प्यार में मिले धोखे पर प्रेमिका का फूटा गुस्सा! प्रेमी को चप्पलों से सिखाया सबक

editor
  • Awaaz Desk
  • July 25, 2026 12:07 PM
Uttarakhand: Girlfriend's fury erupts over betrayal in love! Teaches boyfriend a lesson with slippers.

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर कोतवाली परिसर के मुख्य द्वार पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वर्षों पुराने प्रेम प्रसंग के बाद शादी से मना करने पर एक आक्रोशित युवती ने अपने प्रेमी की सरेआम चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए सकते में आ गए। आनन-फानन में पुलिस ने बीच-बचाव कर युवक को युवती के चंगुल से छुड़ाया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटाया। जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बरेली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का बाजपुर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ बीते कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर लगता है। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मेल-मिलाप के बाद परिजनों के माध्यम से शादी की बात भी लगभग तय हो गई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन हाल ही में युवक ने अचानक शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद गहरा गया। शादी से इनकार किए जाने से क्षुब्ध युवती पहले युवक के घर पहुंची और अपना विरोध जताया। बात न बनने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। शनिवार को दोनों पक्षों को बातचीत और समझौते के लिए बाजपुर कोतवाली बुलाया गया था। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच ही रहे थे कि मुख्य गेट पर युवती की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी, वह अपना आपा खो बैठी। उसने गुस्से में गाली-गलौज करते हुए अपने पैर से चप्पल निकाली और युवक पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। कोतवाली गेट पर अचानक हुई इस मारपीट से परिसर में हड़कंप मच गया। कोतवाली गेट पर हंगामा बढ़ता देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत दौड़कर स्थिति को संभाला और युवती को शांत कराते हुए युवक को उसके चंगुल से अलग किया। इस दौरान सड़क पर आ-जा रहे तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई, जिसे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मौके से खदेड़ा और स्थिति सामान्य की। घटना के बाद युवती अपने परिजनों के साथ कोतवाली से वापस लौट गई, जबकि पुलिस ने युवक को बैठाकर पूछताछ की। 


संबंधित आलेख: