उत्तराखण्डः सरकार के तीन साल पूरे! गरमाई सियासत, भाजपा ने उपलब्धि तो कांग्रेस ने गिनाई विफलताएं
रुद्रपुर। प्रदेश की धामी सरकार के तीन साल पूरे होने पर जहां भाजपा प्रदेश भर में तमाम कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वही कांग्रेस सरकार के तीन सालों की कमियों को गिना रही है। आज उधम सिंह नगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता कर सरकार के तीन सालों की विफलता के बारे में बताते हुए आने वाले वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन तीन सालों में सरकार के नेता मालामाल हुए हैं। सरकार की नजर खनन और आबकारी पर है। सरकार प्रदेश की जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज चीनी मिल बंद हो चुकी है लेकिन किसानों को गन्ने का रेट अभी तक नहीं दिया गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। अंकिता हत्याकांड में अब तक उस वीआईपी का नाम सामने नहीं आ पाया। तराई में किसानों को बेमौसमी धान की फसल में प्रतिबंध लगा दिया गया है। सरकार ने तीन साल में कोई उपलब्धि हासिल नहीं की, बल्कि प्रदेश को लूटने का काम किया है।