उत्तराखण्डः नैनीताल में 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आगाज 16 अक्टूबर से! कलाकार बिखेरेंगे लोककला के रंग
नैनीताल। नैनीताल में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 16 अक्टूबर से कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा और 20 अक्टूबर को विसर्जन के साथ संपन्न होगा। मल्लीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर में नवरात्र में हर साल आयोजित होने वाले सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर सेवा समिति हॉल में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान दुर्गा पूजा कमेटी ने महोत्सव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी साझा की। महोत्सव में न केवल बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, बल्कि कुमाऊंनी संस्कृति का भी एक अद्भुत समावेश होगा। इस सांस्कृतिक संगम को और भी खास बनाने के लिए, महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार देश के विभिन्न राज्यों की लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। जम्मू-कश्मीर के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मथुरा की टीम भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगी। बताया गया कि उत्तराखंड के प्रतिष्ठित और स्थापित कलाकार इंदर आर्या, माया उपाध्याय, राकेश कनवाल, मेघा चंद्रा, कैलाश कुमार आदि को निमंत्रण भेजा गया है।