• Home
  • News
  • Uttarakhand: Grand unveiling of a 21-foot-tall Shiva statue in Haridwar! Swatantra Dev Singh inaugurated it while standing on a crane.

उत्तराखण्डः हरिद्वार में 21 फीट ऊंची शिव प्रतिमा का भव्य अनावरण! क्रेन पर खड़े होकर स्वतंत्र देव सिंह ने किया लोकार्पण

editor
  • Awaaz Desk
  • August 25, 2026 12:08 PM
Uttarakhand: Grand unveiling of a 21-foot-tall Shiva statue in Haridwar! Swatantra Dev Singh inaugurated it while standing on a crane.

हरिद्वार। सावन के पावन महीने में धर्मनगरी हरिद्वार को भगवान शिव की भव्य प्रतिमा के रूप में एक नई पहचान मिली है। सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से ओम पुल के समीप 21 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की गई है। एफआरपी पत्थर से निर्मित इस प्रतिमा का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोकार्पण किया। करीब 100 वर्ष की अनुमानित लाइफ वाली इस प्रतिमा के स्थापित होने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण विकसित होने की उम्मीद है। लोकार्पण कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने क्रेन में खड़े होकर भगवान शिव की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा के अनावरण के दौरान माहौल पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भगवान शिव का स्मरण करते हुए प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा अर्पित की। सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हरिद्वार देश और दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां होने वाले विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों का विशेष महत्व है। उन्होंने भगवान शिव की प्रतिमा के अनावरण को शुभ संकेत बताते हुए कहा कि यहां नियमित रूप से स्तुति और धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे। इससे क्षेत्र का आध्यात्मिक वातावरण और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इस प्रतिमा के रूप में एक नया आकर्षण जुड़ा है। सावन के महीने में भगवान शिव की प्रतिमा का लोकार्पण धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिंचाई मंत्री ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की ओर से कुंभ को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार और सिंचाई विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों के लिए धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच समन्वय से होने वाले विकास कार्यों का लाभ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगा। स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से हरिद्वार में किए गए अन्य कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भीमगोड़ा बैराज से वर्षों से चली आ रही सीपेज की समस्या का समाधान किया गया है। बैराज के गेट बंद किए बिना गेटों को बदलकर सीपेज रोकने का काम किया गया है।


संबंधित आलेख: