उत्तराखण्डः 30 जून को मुख्यमंत्री आवास में गरजेंगे गुरिल्ला! 1 जुलाई को करेंगे सचिवालय कूच, आर-पार की लड़ाई का ऐलान
चंपावत। पिछले 20 सालों से अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्लाओं का आंदोलन जारी है। गुरिल्ला संगठन अध्यक्ष चंपावत ललित बगोली ने बताया हर बार के आंदोलन के बाद सरकार द्वारा सिर्फ आश्वासन दिए गए। उन्होंने कहा इस बार एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला अंतिम व निर्णायक लड़ाई लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरिल्ला संगठन प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मानंद डाला कोटी के नेतृत्व में 30 जून को प्रदेश के चार से पांच हजार गुरिल्ला मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे तथा 1 जुलाई को समस्त गुरिल्ला सचिवालय कूच करेंगे। जिलाध्यक्ष ललित बगौली ने कहा कि यह गुरिल्लाओं का अंतिम व निर्णायक युद्ध होगा, जिसमें गुरिल्ला सरकार से आर पार की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चंपावत जिले से भी 29 जून को बड़ी तादात में गुरिल्ला राजधानी देहरादून कूच करेंगे। जहां प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी के नेतृत्व में 30 जून व 1 जुलाई को विशाल प्रदर्शन गुरिल्लाओं के द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी तीन सूत्रीय मांगे हैं। जिन गुरिल्लाओं की उम्र बची है उन्हें नौकरी, बुजुर्ग गुरिल्लाओ को पेंशन, मृतक गुरिल्लाओं के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की मांग है। उन्होंने कहा इस आंदोलन के दौरान कई गुरिल्ला अब इस संसार में नहीं रहे हैं। कहा कि सरकार हर बार उन्हें झूठे आश्वासन देती है पर समाधान नहीं करती है।