• Home
  • News
  • Uttarakhand: Haldwani's Jawahar Nagar murder case solved within 12 hours! Suspicion of a relationship between the wife and Aman sparked the dispute; accused Nikki arrested.

उत्तराखण्डः हल्द्वानी जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा! पत्नी और अमन के बीच संबंध का शक बना विवाद की वजह, आरोपी निक्की गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • September 17, 2026 12:09 PM
Uttarakhand: Haldwani's Jawahar Nagar murder case solved within 12 hours! Suspicion of a relationship between the wife and Aman sparked the dispute; accused Nikki arrested.

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई 29 वर्षीय अमन ठाकुर की हत्या का नैनीताल पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को स्थानीय पार्षद की ओर से बनभूलपुरा पुलिस को जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से संबंधित मकान में रह रहा था। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले पर निशान मिलने के बाद मौत संदिग्ध प्रतीत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल को सौंपी गई।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन और एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, इन प्रयासों के आधार पर नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी तक पहुंच बनाई गई। उसे 17 सितंबर को गौला नदी किनारे एक खाली झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी निक्की मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी और अमन के साथ अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस अब इस घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल मो. यासीन शामिल रहे। 


संबंधित आलेख: