उत्तराखंड: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट! भूस्खलन और उफनते नदी-नालों से बढ़ी परेशानी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। वहीं, कई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं के चलते कई संपर्क मार्गों पर आवाजाही बाधित हो रही है। लगातार बारिश के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें बंद होने और मार्गों पर मलबा आने से स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देहरादून स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ होने की संभावना है। वहीं, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में मौसम के मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी मार्गों पर लगातार बारिश के चलते सड़क पर मलबा आने और मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से भी लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम साफ होने के बाद ही यात्रा करने की अपील की जा रही है।
मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। बारिश और मौसम की संभावित गतिविधियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से भी लोगों को बचने की जरूरत है।