उत्तराखण्डः चंपावत में भारी बारिश! उफान पर आई सरयू व महाकाली नदी, प्रशासन ने लोगों से की खास अपील
चंपावत। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सरयू, महाकाली, लधिया, लोहावती सहित अन्य नदियां उफान पर आ गई हैं। बारिश से टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में भी शारदा नदी का जलस्तर बढ़ चुका है। नदियों के बढ़ते जल स्तर तथा ऑरेंज अलर्ट के चलते डीएम मनीष कुमार के नेतृत्व में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन द्वारा जनता से नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर एवं जलभराव वाले क्षेत्र से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। जिलाधिकारी के द्वारा सभी अधिकारियों को अलर्ट नोट पर रखा गया है तथा किसी भी प्रकार की आपदा और दुर्घटना पर तुरंत रिस्पांस करने के निर्देश जिला अधिकारी के द्वारा दिए गए हैं। पुलिस द्वारा भी लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, तेज बहाव वाली नदियों, नालों एवं जलभराव वाले स्थानों के समीप न जाएं तथा बच्चों व मवेशी को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।