उत्तराखंड: देहरादून-पिथौरागढ़ के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, कागजी कार्रवाई की जा रही पूरी
उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है। देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच जल्द ही हेली सेवा शुरू होने जा रही है। यह सेवा भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान योजना के तहत संचालित की जाएगी। इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्र सरकार से इस रूट पर हवाई सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था। इसके बाद स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को इस रूट पर हेली सेवा संचालन की जिम्मेदारी दी गई है, जो वर्तमान में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रही है। कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही इस मार्ग पर नियमित हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा केंद्र सरकार अन्य विमानन कंपनियों को भी इस रूट पर नियमित उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए आमंत्रित कर रही है। गौरतलब है कि उत्तराखंड में पहले से ही उड़ान योजना के तहत लगभग 30 हेली रूटों पर सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोग कर रही है। देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हेली सेवा शुरू होने से सीमांत क्षेत्रों के लोगों को राजधानी से सीधा संपर्क मिलेगा और यात्रा भी सुगम होगी। इसके साथ ही, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के विभिन्न चरणों के तहत कार्यों को पूरा करने की समयसीमा मार्च 2027 तक बढ़ा दी है, जिससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को और मजबूती मिलेगी।