उत्तराखण्डः हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू! छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह, अलर्ट रहा शिक्षा महकमा
काशीपुर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा एवं परीक्षा परिषद की 2023-24 सत्र की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई। पूरे प्रदेश के साथ-साथ जिला उधम सिंह नगर में भी बोर्ड की परीक्षाएं देने के लिए छात्र-छात्राएं उत्साहित दिखे। वहीं इस दौरान परीक्षाओं को नकलविहीन सम्पन्न करवाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह से चुस्त दुरुस्त दिखा। आपको बताते चलें कि पूरे प्रदेश भर में आज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। आज से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाएं 16 मार्च तक संचालित होगी इसके लिए पूरे प्रदेश भर के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर विकासखंड में भी शिक्षा विभाग पूरी तरह से चुस्त दुरुस्त दिखाई दिया। परीक्षा से पूर्व छात्र-छात्राओं में जहां खासा उत्साह देखा गया, तो वहीं पेपर से पूर्व घबराहट भी साफ देखी गई। परीक्षा के पहले दिन में सुबह 10ः00 बजे से 1ः00 बजे तक की परीक्षा शुरू हो चुकी है। जिसमें इंटरमीडिएट की हिंदी के प्रथम पेपर की परीक्षा के साथ परीक्षा की शुरुआत हुई। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू की गई है। परीक्षा शुरू होने से पूर्व छात्र-छात्राओं की दो बार तलाशी ली गई तथा अधिकांश परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। पूरे उधम सिंह नगर जिले में 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें 8 एकल परीक्षा केंद्र व 92 मिश्रित परीक्षा केंद्र हैं। पूरे जनपद भर में 12 परीक्षा केंद्र संवेदनशील है।