उत्तराखण्डः हरिद्वार में पांच हजार रुपए के लिए युवक ने की दोस्त की हत्या! 13 जून की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, लिंक में पढ़ें पूरा मामला
हरिद्वार। पांच हजार रुपए के लिए एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपित को गिरफ्तार किया, जिसके बाद यह खुलासा हुआ है। सीओ सदर बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि नौगांव सादात अमरोहा निवासी अंकित सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बीते 13 जून की रात लेबर चौक सिडकुल में अंकित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। अंकित की परिवार की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया कि मामले को लेकर इंस्पेक्टर सिडकुल प्रमोद उनियाल के नेतृत्व में एसएसआइ शहजाद अली सहित एक पुलिस टीम ने हर एंगल से छानबीन की। मामले में कई संदिग्धों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच सीसीटीवी फुटेज से सफेद रंग की टीशर्ट पहने एक संदिग्ध युवक नजर आया। पहले भी पूछताछ से गुजर चुके अंकित के एक दोस्त सुनील मिश्रा निवासी गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश को पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो उसने गुमराह करने का प्रयास किया, सख्ती से पूछताछ करने और फुटेज दिखाने पर आरोपित ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार अंकित ने पूछताछ में बताया कि कुछ महीने पहले सुनील से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। सुनील ने कई बार अंकित से रुपये वापस मांगे, लेकिन वह वह टाल-मटोल करता था। इसके बाद गुस्से में आकर उसने अंकित की हत्या कर दी।