उत्तराखण्डः बिजली गिरने से पहले मिलेगी जानकारी! एप करेगा अलर्ट, एडीएम ने दी अहम जानकारी
रुद्रपुर। प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओ में नुकसान ना हो इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। उधम सिंह नगर जिले में बिजली गिरने से पहले ही क्षेत्रवासियों को उसकी जानकारी मिले इसके लिए एक एप्प बनाया गया है। जिसकी जानकारी जिले के अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी के द्वारा दी गई। उन्होंने कहा मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून से जारी मौसम पूर्वानुमान के द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के अधिकांश हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना व्यक्त की गई है। बीते दिनों उधम सिंह नगर जनपद में 3 लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो चुकी है। अब ऐसी घटनाओं से आम जनमानस के बचाव के लिए जन-जागरूकता प्रसारित करना प्राथमिक आवश्यकता है। भारतीय मौसम विज्ञान द्वारा विकसित दामिनी मोबाइल एप और सी-डेक द्वारा विकसित सचेत मोबाइल ऐप जो मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने के लिए चेतावनियां प्रसारित करते हैं। उन्होंने कहा कि चेतावनी मिलने पर बिजली से बचने के लिए खुले खेतों, पेड़ों के नीचे, पहाड़ी इलाकों, चट्टानों के आसपास बिल्कुल न रुकें। धातुओं के बर्तन धोने से बचें और नहाने से भी बचें। बारिश से बचें और जमीन पर जहां पानी जमा हो, वहां भी खड़े न रहें। बिजली के हाइटेंशन तारों और टावर से दूर रहें। उन्होंने सभी जनपद वासियों से इस ऐप को डाउनलोड करने की अपील की।