उत्तराखण्डः नहर में मिला मासूम का शव! काठगोदाम थाना क्षेत्र में फैली सनसनी, तो सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
हल्द्वानी। हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां देवलातल्ला की सिंचाई नहर में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। इसके बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। काठगोदाम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार देवलातल्ला के ग्रामीणों ने बताया कि सिंचाई नहर में एक नवजात का शव पड़ा हुआ है। वहीं चिकित्सकों के अनुसार नवजात लड़का था और उसके नाभी में नाल लगी हुई थी। संभावना जताई जा रही कि प्रसव के समय महिला का आठ से नौ माह का गर्भ रहा होगा। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है बिन ब्याही मां ने लोकलज्जा के डर से इस बच्चे को जन्म देने के बाद नहर में फेंक दिया होगा। पुलिस ने बताया कि अभी तक मामले में किसी भी तरह का सुराग नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की जा रही है। काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ डीएनए टेस्ट भी कराया जा रहा है।