• Home
  • News
  • Uttarakhand: Jubin Nautiyal’s father, Ramsharan Nautiyal, bids farewell to the BJP and joins the Congress.

उत्तराखण्डः जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने भाजपा को कहा अलविदा, कांग्रेस का थामा हाथ

editor
  • Awaaz Desk
  • October 19, 2026 09:10 AM
Uttarakhand: Jubin Nautiyal’s father, Ramsharan Nautiyal, bids farewell to the BJP and joins the Congress.

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता, देहरादून के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और चकराता विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रामशरण नौटियाल ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की उत्तराखण्ड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सप्पल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। रामशरण नौटियाल प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से उत्तराखण्ड, खासकर देहरादून जिले की सियासत में नई हलचल पैदा हो गई है। रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी को भाजपा के लिए राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है। वह लंबे समय तक भाजपा में रहे, लेकिन पिछले कुछ समय से पार्टी से उनकी दूरी बढ़ने की चर्चा थी। हाल ही में उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने भाजपा छोड़ने की वजह पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलने को बताया था। रामशरण नौटियाल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद वह भाजपा में सक्रिय रहे और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में चकराता सीट से पार्टी के प्रत्याशी बनाए गए। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अब करीब 12 साल बाद उनकी कांग्रेस में वापसी ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। राजनीतिक गलियारों में रामशरण नौटियाल के आगामी विधानसभा चुनाव में विकासनगर या सहसपुर सीट से मैदान में उतरने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है। कांग्रेस में रामशरण नौटियाल का स्वागत करते हुए उत्तराखण्ड प्रभारी कुमारी शैलजा ने इसे पुराने साथी की घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि नौटियाल को भाजपा में घुटन महसूस हो रही थी और वहां के माहौल तथा कामकाज से उनका मन खिन्न हो गया था। शैलजा ने उम्मीद जताई कि उनके कांग्रेस में लौटने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी नौटियाल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सहयोग से संगठन को नई ताकत मिलेगी। कांग्रेस नेताओं ने उनके पार्टी में शामिल होने को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
 


संबंधित आलेख: