उत्तराखण्डः भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे डोलिया देवी में बंद! यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका, प्रशासन ने की अपील
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में रूक-रूककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर फाटा के निकट डोलिया देवी में मलबा आ गया है। जिस कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद है। हाईवे को खोलने का कार्य एनएच की ओर से जारी है। हाईवे पर फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। प्रशासन ने धाम आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वह मौसम साफ होने पर ही यात्रा करें। बुधवार रात को हुई बारिश के कारण हाईवे पर डोलिया देवी में दो स्थानों पर मलबा आ गया। सुबह से ही एनएच की ओर से हाईवे को खोलने के प्रयास किये जा रहे हैं। हाईवे पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। रुद्रप्रयाग प्रशासन ने भी यात्रियों से अपील की है कि यात्री मौसम को देखकर यात्रा करें। मौसम साफ होने पर ही धाम जाएं। बारिश के मौसम में यात्रा करने से यात्रियों को परेशानियां हो सकती हैं। डीएम डॉ. सौरभ गहरवार ने कहा कि केदारघाटी में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। सबसे ज्यादा समस्या हाईवे के डोलिया देवी के पास हो रही है, यहां पर ऊपरी पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में राजमार्ग पर गिरे मलबे और बोल्डर को साफ करने में भी दिक्कतें हो रही हैँ। केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे मौसम को देखते हुए ही यात्रा करें।