• Home
  • News
  • Uttarakhand: Leader of Opposition Arya raised questions on law and order! Said- there is chaos everywhere, criminals have no fear

उत्तराखण्डः नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल! बोले- चारों तरफ अराजकता ही अराजकता, अपराधियों में नहीं रहा कोई खौफ

editor
  • Awaaz Desk
  • May 03, 2025 08:05 AM
Uttarakhand: Leader of Opposition Arya raised questions on law and order! Said- there is chaos everywhere, criminals have no fear

देहरादून। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ चुकी है अपराधी पूरी तरह बेखौफ़ हैं। ऐसा लग रहा है कि उत्तराखण्ड में कानून के राज के बजाय अपराधियों का राज चल रहा हो। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी केस में एक सख्त उदाहरण पेश किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान कभी उसकी शांति, संस्कृति और सरल जीवनशैली से होती थी, लेकिन भाजपा सरकार में शांत पहाड़ों में अब बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। नैनीताल में हुआ वीभत्स कृत्य, अंकिता भण्डारी हत्याकांड, लालकुआं में मासूम बच्ची का बलात्कार, किच्छा में चार साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, उत्तरकाशी में नाबालिग से सामूहिक बलात्कार, बागेश्वर व थराली में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि बाधिता संस्थान में छात्राओं से छेड़-छाड़ की घटना, हेमा नेगी, पिंकी हत्याकांड, चम्पावत में नाबालिग से बलात्कार, मंगलौर में सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर में युवती से बलात्कार का प्रयास, द्वाराहाट में नाबालिग दलित युवती से बलात्कार, देहरादून में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म, बहादराबाद में 13 साल की मासूम के साथ सामूहिक बलात्कार के उपरान्त हत्या जैसे अनगिनत कृत्य मानवता को शर्मशार करने वाली तथा देवभूमि की अस्मिता को कलंकित करने वाली घटनायें हैं। ऐसा लग रहा है की जंगल राज क़ायम हो गया है और चारों तरफ अराजकता ही अराजकता है। 

राज्य में रोजाना आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। भयमुक्त सरकार के अपने वायदे पर अमल करने में राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा की राज्य सरकार के 8 वर्ष के कार्यकाल में बलात्कार, जघन्य हत्याकांड, लूटपाट, चोरी, डकैती, चेन स्नैचिंग, टप्पेबाजी जैसे जघन्य अपराध की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और वे कानून व्यवस्था का खुलेआम मखौल उड़ा रहे हैं।


संबंधित आलेख: