उत्तराखण्डः सोनप्रयाग पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य! मार्गों में फंसे यात्रियों का जाना हाल, शासन-प्रशासन पर लगाए आरोप
सोनप्रयाग। बुधवार रात सोनप्रयाग से लेकर गौरीकुुण्ड केदारनाथ तक भारी बरसात से भूस्खलन होने के कारण कई स्थानों पर मुख्य सड़क मार्ग या पैदल मार्ग बाधित हो गए, जिसमें कई यात्री फंस गए। हांलाकि प्रशासनिक स्तर पर यात्रियों को सकुशल सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का तत्काल प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विभिन्न जगहों पर पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इसी कड़ी में आज नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा एवं पूर्व विधायक मनोज रावत सोनप्रयाग पहुंचे और निरीक्षण किया। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सोनप्रयाग से गौरीकुण्ड के बीच ही लगभग 2500 लोग फंसे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के अलावा प्रशासन का कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी करनी चाहिए। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन को स्थान-स्थान में फंसे लोगों तक राहत सामग्री, दवाई और खाने का सामान पहुंचाना चाहिए। पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि इस आपदा की तीव्रता 2013 की आपदा के जैसी ही है। लोगों को अंदेशा है कि व्यापक सम्पत्ति की हानि के अलावा जनहानि भी हुई है। प्रशासन सही आंकड़े छुपा रहा है। नेता प्रतिपक्ष आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल एवं पूर्व विधायक रावत ने सोनप्रयाग से निकाले जा रहे यात्रियों के भोजन, पानी, दवाई आदि की व्यवस्था कर रहे व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना की।