उत्तराखण्डः गोपेश्वर में बड़ा हादसा! नमामि गंगे के एसटीपी में लगे ट्रांसफार्मर में दौड़ा करंट, मादा भालू और उसके बच्चे की मौत
गोपेश्वर। गोपेश्वर में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां नमामि गंगे के एसटीपी पर लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक मादा भालू और उसके बच्चे की मौत हो गई है। इस हादसे की खबर से वन विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार नगर के वैतरणी क्षेत्र में नमामि गंगे का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थित है। बुधवार को नमामि गंगे के कर्मचारियों ने वन प्रभाग के अधिकारियों को ट्रांसफार्मर में दो भालुओं के करंट लगने से मौत होने की सूचना दी। जिस पर केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ तरुण एस और एसडीओ जुगल किशोर चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों भालू को मृत अवस्था में रस्सी के सहारे ट्रांसफार्मर से मुक्त किया गया। पशु चिकित्सक डॉ. पुनीत भट्ट और डॉ. गीतांजलि ने दोनों का पोस्टमार्टम किया। जिसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने दोनों को जला दिया। एसडीओ जुगल किशोर चौहान ने कहा कि मादा भालू करीब छह साल की थी, जबकि उसका बच्चा 11 माह का था। उन्होंने बताया कि यह घटना बीती रात को हुई। बच्चा ट्रांसफार्मर के आगे पड़ा मिला। जिससे प्रतीत होता है कि पहले बच्चा ट्रांसफार्मर के करंट से झुलस गया, जिसके बाद उसकी मां उसे बचाने वहां पहुंची तो वह भी करंट की चपेट में आ गई, जिससे दोनों ने दम तोड़ दिया।