उत्तराखण्डः हरिद्वार में बड़ा हादसा! ट्रांसफॉर्मर से टकराई रोडवेज बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार
हरिद्वार। उत्तराखण्ड में आज रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां हरिद्वार लक्सर मार्ग पर रोडवेज की एक बस बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। बस के ट्रांसफॉर्मर में टकराने के बाद यात्रियों मंे चीख-पुकार मच गयी। जानकारी के मुताबिक रोडवेज बस के ड्राइवर को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से वह अपना संतुलन बस से खो बैठा। जिसकी वजह से रोडवेज की बस अचानक बिजली के पोल को तोड़ते हुए ट्रांसफार्म में जा घुसी। जिस वक्त ये हादसा हुआ उस वक्त बस पूरी तरह से यात्रियों से भरी हुई थी। अचानक बस पोल से टकराने के कारण उसमें करंट दौड़ पड़ा। जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सभी यात्री बस से निकलने की कोशिश करने लगे, जिसके कारण कुछ यात्रियों को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने हालात पर काबू पाया। ड्राइवर की हालत को देखते हुए उसे स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल भेजा गया है। रोडवेज बस में बच्चे, महिला बुजुर्ग बड़ी संख्या में सवार थे।