• Home
  • News
  • Uttarakhand: Major accident in Pilikothi, Haldwani! Cylinder burst while making tea, loud explosion shook Dahli Colony

उत्तराखण्डः हल्द्वानी के पीलीकोठी में बड़ा हादसा! चाय बनाते समय फटा सिलेंडर, तेज धमाके से दहली कॉलोनी

  • Awaaz Desk
  • May 23, 2024 05:05 AM
Uttarakhand: Major accident in Pilikothi, Haldwani! Cylinder burst while making tea, loud explosion shook Dahli Colony

हल्द्वानी। हल्द्वानी के पीलीकोठी से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां जगदंबा विहार कॉलोनी में चाय बनाते समय सिलेंडर फट गया। इस दौरान तेज धमाके से पूरी कॉलोनी दहल उठी। हादसे में एक महिला झुलस गई, जबकि दो बच्चे और एक महिला सिलिंडर के अवशेष शरीर में लगने से घायल हो गईं। घरवालों ने स्थानीय लोगों की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पाया। झुलसी महिला का इलाज चल रहा है जबकि तीन घायलों को छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार जगदंबा विहार कॉलोनी में राम अवतार पाल परिवार के साथ रहते हैं। राम अवतार के छोटे बेटे सुभाष पाल ने बताया कि बुधवार को घर में पूजा-पाठ होनी थी। शाम करीब 4ः30 बजे परिवार की महिलाएं घर के निचले तल पर बने किचन में चाय बना रही थी कि तभी अचानक सिलिंडर में आग लग गई।

कोई कुछ समझा पाता, इससे पहले ही आग फैलने लगी और कुछ ही देर में जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। सिलिंडर की आग से किचन में रखे फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। अग्निकांड में सुभाष की भाभी मंजू पाल पत्नी दिनेश पाल बुरी तरह झुलस गईं। वहीं रूपा पाल पत्नी हरीश पाल, भांजा आदित्य और पीयूष  सिलिंडर के टुकड़े शरीर में लगने से घायल हो गईं। महिलाओं और बच्चों की चीखपुकार सुन दौड़े अन्य लोगों ने किसी तरह सभी को बाहर निकालकर मुखानी स्थित निजी अस्पताल भिजवाया। देखते-देखते आग ने तीन मंजिल भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में परिवार के अन्य लोगों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से लाखों के नुकसान की आशंका है। सीएफओ गौरव किरार का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें सवा पांच बजे मिली और फौरन टीम मौके पर भेज दी गई थी। हालांकि तब तक आग बुझ गई थी।


संबंधित आलेख: