उत्तराखण्डः टनकपुर में बड़ा हादसा! अनियंत्रित होकर पलटी सवारियों से भरी बस, पांच की हालत गंभीर
चंपावत। टनकपुर में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही बस टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्तियां यू बैंड पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे से सवारियों में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस व फायर कर्मियों ने सभी घायलों को उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में भर्ती कराया। चालक परिचालक सहित बस में कुल 25 लोग सवार थे। बताया जाता है कि केमू की बस रिलायंस कर्मियों को लेकर हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही थी। हादसे में पांच गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक परिचालक के अनुसार बस में सवार 23 रिलायंस कंपनी के कर्मचारी घायल हुए हैं। हादसे में चालक परिचालक को भी चोटें आई हैं। चालक परिचालक के अनुसार हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को उप जिला चिकित्सालय टनकपुर लाया गया, जहां सीएमएस घनश्याम तिवारी नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।