• Home
  • News
  • Uttarakhand: Major questions raised about security at Haldwani's MBPG College; youth enters campus carrying a weapon.

उत्तराखण्डः हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल! हथियार लेकर परिसर में पहुंचा युवक

editor
  • Awaaz Desk
  • September 09, 2026 11:09 AM
Uttarakhand: Major questions raised about security at Haldwani's MBPG College; youth enters campus carrying a weapon.

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के माहौल के बीच बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक तमंचा लेकर कॉलेज परिसर में पहुंच गया। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर छात्रों को शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई है। हथियार मिलने की सूचना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक को पकड़ने के बाद कुछ छात्रों ने उसके साथ मारपीट की और उसे कॉलेज के प्राचार्य कक्ष तक ले गए। घटना की सूचना कॉलेज प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बरामद हथियार को भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का माहौल बनने के साथ ही पिछले कुछ समय से लगातार हंगामे और विवाद सामने आ रहे हैं। बुधवार की घटना ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि यदि कोई युवक हथियार लेकर परिसर में प्रवेश कर सकता है तो सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। घटना के बाद छात्रों में भी आक्रोश देखने को मिला। छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव करते हुए परिसर में लगातार कथित रूप से प्रवेश कर रहे बाहरी और असामाजिक तत्वों को रोकने की मांग की। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और प्रवेश प्रक्रिया में सख्ती बरतने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद विद्यार्थियों और अन्य लोगों को बिना परिचय पत्र की जांच के परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि बरामद तमंचा पुलिस को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कॉलेज परिसर में किस उद्देश्य से आया था और उसके पास हथियार कहां से आया।


संबंधित आलेख: