• Home
  • News
  • Uttarakhand: Massive landslide in Dharchula! Huge boulder comes crashing down; Sobla-Dhakar road blocked.

उत्तराखण्डः धारचूला में भीषण लैंडस्लाइड! भर-भराकर गिरी विशालकाय चट्टान, बंद हुई सोबला-ढाकर रोड

editor
  • Awaaz Desk
  • July 21, 2026 12:07 PM
 Uttarakhand: Massive landslide in Dharchula! Huge boulder comes crashing down; Sobla-Dhakar road blocked.

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में भीषण लैंडस्लाइड का वीडियो सामने आया है। यहां धारचूला क्षेत्र में चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर सड़क मंगलवार को पंगबावे के पास पहाड़ी टूटने से बंद हो गई। अचानक पहाड़ी दरकने के बाद भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पंगबावे क्षेत्र में मंगलवार को अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर जमा हो गया। बताया गया कि बारिश के कारण इस स्थान पर पहले से ही दो जगह सड़क बाधित थी। ताजा भूस्खलन के बाद अब पंगबावे में तीन स्थानों पर भारी बोल्डर और मलबा जमा होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र में कई वाहन भी फंस गए हैं और स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बीआरओ की ओर से तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर सड़क से मलबा और बोल्डर हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्थानीय वाहन स्वामियों और लोगों से सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर काफी बड़ी चट्टान टूटी है। यदि मौसम साफ रहा और बारिश ने बाधा नहीं डाली तो बुधवार तक सड़क को यातायात के लिए खोलने की उम्मीद है। बता दें कि सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक जाती है, जिसके चलते यह मार्ग सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सीमावर्ती क्षेत्रों तक संपर्क बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों और जवानों की आवाजाही के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग के बार-बार बाधित होने से सीमांत क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो रहा है। सड़क बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उधर, पिछले तीन दिनों से जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण पिथौरागढ़ में सड़कें बाधित होने का सिलसिला जारी है। भूस्खलन और मलबा आने के चलते जिलेभर में वर्तमान में 17 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से इन मार्गों को खोलने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले में वर्तमान में 17 सड़कें बंद हैं। सभी बाधित मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें काम कर रही हैं। 


संबंधित आलेख: