उत्तराखण्डः कोटद्वार में मोहम्मद दीपक गिरफ्तार! सोशल मीडिया कमेंट को लेकर व्यापारी से हुआ विवाद, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
कोटद्वार। फेसबुक पर किए गए एक कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कोटद्वार में तनाव का कारण बन गया है। विवाद के बाद एक साड़ी व्यापारी से कथित बदसलूकी, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चित रहे दीपक के खिलाफ व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, उसे धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। दीपक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही व्यापारी पक्ष और भाजपा संगठन से जुड़े कई लोग कोटद्वार कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान वहां नारेबाजी होने से पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत फेसबुक पर किए गए एक कमेंट को लेकर हुई थी। इसके बाद दीपक कुमार एक साड़ी व्यापारी की दुकान पर पहुंचा। व्यापारी ने आरोप लगाया कि दुकान पर उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की गई तथा उन्हें धमकी भी दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, इंटरनेट पर सामने आए वीडियो फुटेज में मोहम्मद दीपक और कारोबारी के बीच तीखी तकरार देखने को मिली है। उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने की घटना को लेकर मोहम्मद दीपक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस पर कारोबारी संजीव टांक ने कमेंट कर दिया। कारोबारी ने लिखा- सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कुछ लिख दिया करें। व्यापारी का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट से नाराज मोहम्मद दीपक गुरुवार सुबह उनकी दुकान पर आए और इस मुद्दे पर बहस करने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी। बता दें कि दीपक कुमार (मोहम्मद) इससे पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर चर्चा में आया था। 26 जनवरी 2026 को वायरल हुए वीडियो में वह कोटद्वार के एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में नजर आया था। आरोप था कि कुछ लोग दुकानदार को परेशान कर रहे थे और उसकी दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी दौरान जब दीपक से उसका नाम पूछा गया तो उन्होंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और दीपक चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के कुछ दिन बाद 31 जनवरी को बजरंग दल से जुड़े लोगों ने दीपक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी दीपक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। उस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में दीपक की सराहना करते हुए उन्हें इंसानियत की मिसाल बताया। साथ ही फरवरी माह में दिल्ली स्थित अपने आवास में दीपक से मुलाकात भी की और उनके जिम में आकर सदस्यता लेने की बात कही। कई दिन तक मो. दीपक राष्ट्रीय स्तर पर छाए रहे।
गिरफ्तारी के बाद फिर बढ़ी हलचल, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
अब व्यापारी से कथित बदसलूकी और गाली-गलौज के मामले में गिरफ्तारी के बाद दीपक एक बार फिर चर्चा में है। गिरफ्तारी की सूचना पर कोतवाली पहुंचे लोगों की नारेबाजी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। शहर में फ्लैग मार्च कर पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपक को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाना है।