उत्तराखण्डः बेटे को तिरंगे में लिपटा देख बेसुध हुई मां! सैन्य सम्मान के साथ हुआ शहीद गौतम कुमार का अंतिम संस्कार, नम आंखों ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
कोटद्वार। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकी हमले में शहीद हुए जवान गौतम कुमार आज सोमवार को पंचतत्व में विलिन हो गए। इस दौरान सैकड़ों नम आंखों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। शहीद गौतम को उनके बड़े भाई राहुल ने मुखाग्नि दी। शहीद जवान गौतम को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी और पौड़ी डीएम आशीष चौहान समेत तमाम लोगों ने शहीद गौतम कुमार को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि बीते 21 दिसंबर को राजौरी में सेना के वाहन पर आतंकी हमला हुआ था। जिसमें उत्तराखंड से चमोली के बीरेंद्र सिंह के अलावा कोटद्वार के शिवपुर के गौतम कुमार भी शहीद हो गए थे। आज सुबह दोनों जवानों का पार्थिव शरीर जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया। जहां से बीरेंद्र सिंह के पार्थिव शरीर को गौचर भेजा गया तो गौतम कुमार के पार्थिव शरीर को कोटद्वार लाया गया। कोटद्वार ग्रासटंगज हेलीपैड से सैन्य वाहन से गौतम कुमार के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान शिवपुर पहुंचाया गया। वहीं, शहीद गौतम कुमार का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही उनकी मां और बहनें बदहवास हो गई। जहां श्रद्धांजलि देने के बाद जवान के पार्थिव शरीर को मुक्ति धाम लाया गया। जहां जवान गौतम को सेना के जवानों ने अंतिम सलामी दी। जिसके बाद जवान गौतम कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरा घाट 'जब तक सूरज चांद रहेगा, गौतम तेरा नाम रहेगा' और 'भारत माता की जय' से गूंज उठा।