उत्तराखण्डः 26 से 30 दिसंबर तक आयोजित होगा मसूरी विंटर कार्निवाल! पालिका सभागार में हुई बैठक, तैयारियों पर हुआ मंथन
मसूरी। मसूरी में विंटर कार्निवाल की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। कार्निवाल को लेेकर नगर पालिका परिषद सभागार में उप जिला अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संबंधित विभागों के साथ ही मसूरी के विभिन्न संस्थाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर तय किया गया कि 26 से 30 दिसंबर तक विंटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखंड के लोक कलाकारों के साथ ही देश के नामचीन कलाकार भाग लेंगे। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और साहसिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। भारत तिब्बत पुलिस बल द्वारा बैंड स्टैंड पर प्रतिदिन बैंड वादन किया जाएगा। बताते चलें कि वर्ष 2013 से विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे यहां के व्यवसाय में वृद्धि होती है और दूर-दूर से पर्यटक विंटर कार्निवाल को देखने के लिए आते हैं। उप जिलाधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि बैठक में मौजूद संस्थाओं के पदाधिकारी द्वारा विभिन्न सुझाव दिए गए जिस पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विंटर कार्निवाल में साइकिलिंग और साहसिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा और उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे मसूरी के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इस दौरान पूरी मसूरी को सजाया जायेगा।