Uttarakhand: हरिद्वार से गंगाजल लेकर अयोध्या को रवाना हुए जूना अखाड़े के नागा संन्यासी! हर की पैड़ी पर की मां गंगा की पूजा-अर्चना
देहरादून। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्तराखण्ड में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में हरिद्वार और उत्तराखण्ड के अन्य तीर्थ व पावन नदियों का जल लेकर जूना अखाड़े के नागा संन्यासियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हो गया। इससे पहले इस जत्थे ने हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना भी की। नागा संन्यासियों का जत्था अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय सचिव महंत महेश पुरी व मुख्य पुजारी महंत सुरेशानंद सरस्वती के नेतृत्व में हर की पैड़ी पहुंचा। यहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना और दुग्ध अभिषेक कर गंगाजल से कलश भरा। इस जल से भगवान रामलला का अभिषेक होगा। इसके साथ ही उत्तराखंड के समस्त तीर्थों से लाए गए पवित्र जल से पूरित कलश का भी पूजन किया गया। यहां से पवित्र कलशों को लेकर नागा संन्यासी दक्षेश्वर महादेव मंदिर कनखल पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक कर अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरी महाराज ने बताया कि 22 जनवरी को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय गंगाजल और उत्तराखंड की विभिन्न पावन नदियों के जल से रामलाल का अभिषेक किया जाएगा।