उत्तराखण्ड: समुद्र में लापता हुआ बागेश्वर का नंदन! परिजनों की उम्मीदें अब भी जिंदा, सरकार से लगाई गुहार
बागेश्वर। जनपद के गरुड़ विकासखंड के कौलाग गांव में इन दिनों मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव का 37 वर्षीय युवक नंदन सिंह दोसाद, जो मर्चेंट नेवी (स्कॉर्पियो कंपनी) में कार्यरत था, 16 अक्टूबर से लापता है। परिवार को कंपनी से सूचना मिली कि शिप में चढ़ने के दौरान इस्तेमाल की गई छोटी बोट तेज लहरों में पलट गई, जिसमें नंदन समेत कई लोग लापता हो गए। इसके बाद से परिवार का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
पत्नी गीता और बूढ़ी मां बेटे की राह तकते दिन-रात
नंदन सिंह की पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की दीवारों पर टंगे नंदन के पुराने फोटो अब उनकी उम्मीद का सहारा हैं। 70 वर्षीय माता हीरा देवी हर आने-जाने वाले से एक ही सवाल पूछती हैं, क्या किसी ने मेरे बेटे की कोई खबर सुनी? उनकी दुखभरी पुकार पूरे गांव के दिल को चीर देती है। गांववाले हर रोज सांत्वना देने आते हैं, मगर मां की आंखों में उम्मीद की लौ अब भी टिमटिमा रही है।
राज्य सरकार से गुहार— बस मेरे नंदन को लौटा दो
परिजनों ने राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि कंपनी ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया है पर उसे और तेजी देने की जरूरत है। नंदन परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उनके दो छोटे बच्चे 9 वर्षीय ऋतिक और 6 वर्षीय भावेश अब हर रात अपने पिता के लौटने की दुआ करते हैं। रोशनी के इस त्योहार दीपावली पर कौलाग गांव अंधेरे में डूबा हुआ है और हर दिल में एक ही अरदास है, समंदर से हमारे नंदन को सलामत लौटाओ।