उत्तराखण्डः बागेश्वर के कपकोट में विदेशी मेहमानों की आमद से खिला प्रकृति का आंगन! सात समंदर पार साइबेरिया से असों नदी पहुंचीं दुर्लभ गैडवॉल डक
बागेश्वर। सीमांत जनपद बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में इन दिनों प्रकृति का एक बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिल रहा है। क्षेत्र की शांत और स्वच्छ असों नदी में सात समंदर पार साइबेरिया और उत्तरी गोलार्ध के ठंडे इलाकों से आई प्रवासी ‘गैडवॉल डक’ ने डेरा डाल लिया है। इन विदेशी मेहमानों की आमद से स्थानीय लोगों और प्रकृति प्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कपकोट क्षेत्र में गैडवॉल डक की यह प्रजाति पहली बार दर्ज की गई है। वन विभाग के अनुसार, ये प्रवासी जलपक्षी शीतकाल बिताने के लिए यहां पहुंचे हैं और मार्च तक असों नदी के आसपास इनकी मौजूदगी बनी रहने की प्रबल संभावना है। पक्षी विशेषज्ञों के मुताबिक, गैडवॉल डक मध्यम आकार की एक विशेष ‘डैबलिंग’ (पानी की सतह पर तैरते हुए भोजन तलाशने वाली) बत्तख है। हर साल सितंबर-अक्टूबर के दौरान अपने उत्तरी प्रजनन क्षेत्रों में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड बढ़ने पर ये पक्षी दक्षिण के अपेक्षाकृत गर्म इलाकों की ओर प्रवास करते हैं। अक्टूबर-नवंबर में यहां पहुंचने के बाद, वसंत ऋतु के आगमन यानी मार्च-अप्रैल में ये वापस अपने मूल ठिकानों की ओर लौट जाते हैं। पर्यावरणविदों का मानना है कि असों नदी के शांत जल क्षेत्र, रेतीले तट और आसपास के आर्द्र वातावरण में इन दुर्लभ प्रवासी पक्षियों का आना इस बात का प्रमाण है कि यहां का पारिस्थितिक तंत्र पूरी तरह स्वस्थ और अनुकूल है। वहीं, पर्यटन और बर्ड वॉचिंग के लिहाज से भी यह घटना कपकोट के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। वन विभाग ने इन मेहमान पक्षियों की सुरक्षा और शांत वातावरण बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी है।