• Home
  • News
  • Uttarakhand: New Governor Dr. Dhal Singh Bisen takes the oath! He was welcomed with a Guard of Honour at Jolly Grant Airport.

उत्तराखंडः नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली शपथ! जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

editor
  • Awaaz Desk
  • October 19, 2026 06:10 AM
Uttarakhand: New Governor Dr. Dhal Singh Bisen takes the oath! He was welcomed with a Guard of Honour at Jolly Grant Airport.

देहरादून। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ले ली है। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। इसके साथ ही डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक डॉ. बिसेन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह वर्ष 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। विधायक के रूप में अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया। उन्हें वन, परिवहन एवं खनिज तथा स्कूल शिक्षा एवं जेल विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी भूमिका निभाई। उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर डॉ. बिसेन का औपचारिक स्वागत किया गया। यहां पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद लोक भवन पहुंचने पर भी नवनियुक्त राज्यपाल का अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। 


संबंधित आलेख: