उत्तराखण्डः रुद्रपुर में खुलेआम दबंगई! धारदार हथियारों से तोड़ी कार, जांच में जुटा पुलिस महकमा
रुद्रपुर। रुद्रपुर की आदर्श कालोनी में कुछ लोगों ने एक घर में धावा बोलकर धारदार हथियारों से परिवार पर हमले का प्रयास किया। परिवार के लोगों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते-जाते हमलावर घर के बाहर खड़ी कार सहित दो वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करके फरार हो गये। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगायी है। पुलिस को दी तहरीर में आदर्श कालोनी निवासी गुलशन पत्नी मोहदम्मद मुजीब ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर पर परिवार के अन्य लोगों के साथ मौजूद थी। तभी पड़ोस का ही रहने वाला युवक घर में घुसकर गाली गलौच करने लगा। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर चला गया। आरोप है कि बाद में वह कुछ अन्य लोगों के साथ आया। सभी लोग तलवार और धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने घर में घुसकर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह घर के लोगों ने गेट बंद कर खुद को बचाया। इस दौरान उक्त लोगों ने घर के बाहर खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर चले गये। घटना की सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई है। मामले में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।