• Home
  • News
  • Uttarakhand: Panic ensued after a car caught fire on the highway in Roorkee! The vehicle was quickly engulfed in flames; the fire was brought under control after a strenuous effort.

उत्तराखण्डः रुड़की में हाईवे पर कार में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप! देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी गाड़ी, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

editor
  • Awaaz Desk
  • July 21, 2026 02:07 PM
 Uttarakhand: Panic ensued after a car caught fire on the highway in Roorkee! The vehicle was quickly engulfed in flames; the fire was brought under control after a strenuous effort.

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि कार में सवार चार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में नगला इमरती गांव के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर हवेली होटल के नजदीक हुई। बताया जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे और वे दिल्ली से पिरान कलियर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। कार से आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी मौके पर रुक गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कार में आग लगने के बाद उसमें सवार लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कार पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने हाई प्रेशर पंप की मदद से होजरील फैलाकर कार में लगी आग पर पानी की बौछार शुरू की। आग की लपटें तेज होने के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत जारी रखी। दमकल कर्मियों ने आग पर फोम का भी इस्तेमाल किया, जिससे कार के सीएनजी और पेट्रोल टैंक को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। इससे संभावित बड़े खतरे को टालने में भी मदद मिली। काफी प्रयास के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कार सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी भी व्यक्ति को चोट लगने या जनहानि की सूचना नहीं है।


संबंधित आलेख: