• Home
  • News
  • Uttarakhand: Police crack down heavily on drug smugglers in Udham Singh Nagar! Two accused arrested in Rudrapur with two kilograms of opium.

उत्तराखण्डः ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा! रुद्रपुर में दो किलो अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • July 19, 2026 10:07 AM
Uttarakhand: Police crack down heavily on drug smugglers in Udham Singh Nagar! Two accused arrested in Rudrapur with two kilograms of opium.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और बगवाड़ा चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो किलो अफीम के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अफीम की खेप को एक अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें रिंग रोड के पास धर दबोचा गया। पुलिस के मुताबिक जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को बगवाड़ा चौकी पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इस दौरान रिंग रोड के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब दो किलो अफीम बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान झंकार सिंह पुत्र रामचंद्र निवासी बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा आकाश वर्मा पुत्र दौलत राम वर्मा निवासी पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे अफीम की खेप लेकर रुद्रपुर पहुंचे थे और इसे रिंग रोड क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपने वाले थे। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि कथित रूप से यह खेप तीनपानी डाम क्षेत्र स्थित एक बिरयानी सेंटर से ली गई थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बयानों का सत्यापन किया जा रहा है और मामले में जिन-जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि रुद्रपुर पुलिस ने एक दिन पहले भी नशे के खिलाफ अभियान के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद कर कार्रवाई की थी। लगातार दूसरे दिन अफीम की बड़ी खेप पकड़े जाने से यह साफ संकेत मिलता है कि पुलिस जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज कर रही है।


संबंधित आलेख: