• Home
  • News
  • Uttarakhand politics heats up over Mahendra Bhatt's alleged statement; Congress calls it an insult to the youth, while the Unemployed Union issues a warning.

महेंद्र भट्ट के कथित बयान से गरमाई उत्तराखंड की राजनीति! कांग्रेस ने बताया युवाओं का अपमान, बेरोजगार संघ ने दी चेतावनी

editor
  • Awaaz Desk
  • July 26, 2026 07:07 AM
Uttarakhand politics heats up over Mahendra Bhatt's alleged statement; Congress calls it an insult to the youth, while the Unemployed Union issues a warning.

देहरादून। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस और उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने महेंद्र भट्ट के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे युवाओं और छात्रों का अपमान बताया है। दोनों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और इस्तीफे की मांग मांग की है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर माफी नहीं मांगी गई तो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह विवाद उस समय सामने आया है, जब पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में युवाओं और छात्रों का आंदोलन चर्चा में है। आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से कथित तौर ‘सालों‘ शब्द को लेकर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस और बेरोजगार संघ का आरोप है कि महेंद्र भट्ट की टिप्पणी ने उन लाखों युवाओं और छात्रों का अपमान किया है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। कांग्रेस ने इस बयान को भाजपा की कथित मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से माफी की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने महेंद्र भट्ट की कथित टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि खुद को अनुशासित और मर्यादित पार्टी बताने वाली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया, वह भाजपा की वास्तविक सोच को सामने लाता है। दूसरी ओर, उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने भी महेंद्र भट्ट के कथित बयान को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों छात्र दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ये युवा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनके लिए कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल पूरी युवा पीढ़ी का अपमान है। राम कंडवाल ने आरोप लगाया कि महेंद्र भट्ट का बयान उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है, जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलनरत युवाओं को लेकर विवादित टिप्पणी की हो। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष के मुताबिक, इससे पहले भी पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के दौरान युवाओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणियों पर विवाद खड़ा हुआ था। उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने महेंद्र भट्ट को 24 घंटे का समय देते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है। राम कंडवाल ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 24 घंटे के भीतर अपने कथित बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो इसके बाद 48 घंटे के भीतर प्रदेशभर के युवा आंदोलन शुरू करेंगे।


संबंधित आलेख: