उत्तराखण्डः नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने की तैयारी! त्रिस्तरीय टास्क फोर्स का गठन, नशामुक्ति केंद्रों व स्कूल-कालेज पर रहेगी नजर
देहरादून। प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार और तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए त्रिस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें प्रदेश स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, जिला स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना स्तर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के अनुसार प्रदेश स्तर पर अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) के अधीन एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी होंगे। जिला स्तर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अधीन पुलिस अधीक्षक (अपराध) व पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) नोडल अधिकारी होंगे। वहीं थाना स्तर पर थाना प्रभारी नोडल अधिकारी होंगे।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के लिए पुलिस विभाग में उपलब्ध कर्मचारियों में से ही चयन किया जाएगा। राज्य स्तर पर गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स राज्य सरकार व एनसीबी की विभिन्न स्तरों पर होने वाली बैठकों में एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित आंकड़ों व सूचनाओं सहित प्रतिभाग करेगी। यह टास्क फोर्स जिलों में स्थापित विभिन्न नशामुक्ति केंद्रों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण और नशा तस्करों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करेगी।