उत्तराखण्डः बेकाबू हुई निजी बस, ऑटो समेत 4 कारों को मारी जोरदार टक्कर! ऑटो चालक का हाथ कटा
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस के अनियंत्रित होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। यह हादसा दुर्गा चौक के पास हुआ। निजी बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई। बस ने सबसे पहले सड़क पर चल रहे ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराई। कुछ ही पलों में बस ने एक ऑटो और चार कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। बस और ऑटो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल ऑटो चालक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। ज्वालापुर पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। दुर्गा चौक के पास नियंत्रण बिगड़ने के बाद बस सड़क किनारे स्थित निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों से जा भिड़ी। बस की चपेट में आने से चार कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुबह के समय अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। बेकाबू बस की चपेट में सड़क पर मौजूद एक कुत्ता भी आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर आ जाने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, बस की रफ्तार अधिक होने समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।