• Home
  • News
  • Uttarakhand: Probe to be launched against those circulating a fake school closure order; DM writes to SSP.

उत्तराखण्डः स्कूलों की छुट्टी का फर्जी आदेश वायरल करने वालों की होगी जांच! डीएम ने एसएसपी को लिखा पत्र

editor
  • Awaaz Desk
  • July 25, 2026 07:07 AM
 Uttarakhand: Probe to be launched against those circulating a fake school closure order; DM writes to SSP.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में विद्यालयों में अवकाश को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई भ्रामक सूचना के मामले में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने गंभीरता दिखाई है। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और फर्जी सूचना प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदेश संख्या 1932/आ.प्र.प्रा./आदेश/2026 दिनांक 19 जुलाई 2026 के माध्यम से जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 20 जुलाई 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया था। बताया गया कि इसी बीच कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मूल आदेश में अनधिकृत रूप से परिवर्तन और कूटरचना कर एक फर्जी आदेश तैयार किया गया। इस फर्जी आदेश में आदेश संख्या 1938/आ.प्र.प्रा./आदेश/2026-27 दिनांक 20 जुलाई 2026 अंकित करते हुए 21 जुलाई 2026 को भी जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की भ्रामक सूचना सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित कर दी गई। फर्जी आदेश के प्रसारित होने के बाद आम लोगों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसएसपी ऊधम सिंह नगर से पूरे प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया है। साथ ही, भ्रामक और फर्जी सूचना तैयार कर उसे सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से फर्जी आदेश प्रसारित करने वालों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।


संबंधित आलेख: