उत्तराखण्डः प्रोफेसर ने छात्राओं से की छेड़छाड़! कॉलेज परिसर में गहमागहमी, पुलिस तक पहुंचा मामला
रुड़की। रूड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के केएलडीएवी डिग्री कॉलेज में छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दरअसल कॉलेज में फिजिक्स प्रैक्टिकल का वायवा चल रहा था और छात्राओं का वायवा लेने एक प्रोफेसर चुड़ियाला कॉलेज से आया था। आरोप है कि प्रोफेसर ने वायवा के दौरान कई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर डाली, जिसको लेकर कॉलेज प्रबंधन सहित अन्य छात्राओं ने थाने में पहुंचकर मामले की शिकायत की। इस दौरान काफी गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। वहीं इस मामले में कॉलेज की एचओडी मिथलेश कुमारी ने बताया कि कालेज प्राचार्य द्वारा इसकी सूचना कोतवाली गंगनहर पुलिस को दी गई। इसके बाद एग्जामिनर को पुलिस हिरासत में थाने ले गई, जिसको लेकर छात्राओं की तरफ से तहरीर भी दी गई है। वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि छात्राओं के साथ एक प्रोफेसर ने छेड़छाड़ की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आगे की जांच पड़ताल जारी है।