उत्तराखण्डः आइएएस यादव के ठिकानों पर छापेमारी! लखनऊ से लेकर देहरादून तक एक साथ विजिलेंस की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे हैं रामविलास यादव
देहरादून। आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे आइएएस रामविलास यादव के लखनऊ और देहरादून स्थित ठिकानों पर आज विजिलेंस ने एक साथ छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पूछताछ के लिए बार-बार बुलाने के बावजूद भी वह विजिलेंस के समक्ष पेश नहीं हो रहे थे, जिसके बाद विजिलेंस ने यह कार्रवाई की है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के आइएएस रामविलास यादव के खिलाफ अप्रैल माह में मुकदमा दर्ज किया था।
उन पर आय से 500 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। आईएएस रामविलास यादव 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। आइएएस रामविलास यादव 2019 में यूपी से उत्तराखंड आए थे। यहां शासन ने नौ जनवरी 2019 को उनके खिलाफ विजिलेंस में खुली जांच के आदेश दिए थे।
आपको बता दें कि गत 19 अप्रैल को आईएएस रामविलास के खिलाफ विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज किया था। आईएएस रामविलास पर लखनऊ और देहरादून में आय से अधिक संपत्ति बनाने का मामले था। यादव लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में कई कद्दावर नेताओं के करीबी रह चुके आईएएस रामविलास यादव उत्तराखंड में समाज कल्याण विभाग के अपर सचिव थे। उन पर कई घोटालों के आरोप भी लग चुके हैं।