उत्तराखण्डः चमोली में बारिश ने बरपाया कहर! पांच घरों में घुसा मलबा, दहशत में ग्रामीण
चमोली। देर रात चमोली जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने खूब कहर बरपाया है। यहां कोठियालसैण के पास बुराली में नाले के पानी से हुए भूस्खलन से पांच लोगों के घरों में मलबा घुसा गया है। वहीं कई आवासीय घर खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और एनएच की लापरवाही से नाली का पूरा पानी लोगों के घरों में घुसा है। उन्होंने कहा कि देर रात साढ़े 11 बजे की घटना है। स्थानीय निवासी रोशन कुमार के घर में पानी दीवार तोड़कर अंदर घुस गया, जिससे घरों में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद पटवारी और तहसीलदार ने निरीक्षण कर प्रभावितों को रहने के लिए उचित कार्यवाही करने की बात कही है। लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मलबा घुसने से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।