उत्तराखण्डः तोड़फोड़ व नारेबाजी मामले में विधायक हरीश धामी को राहत! हाईकोर्ट ने पुलिस को कानूनी प्रक्रिया अपनाने के दिए सख्त निर्देश
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने विधायक हरीश धामी से जुड़े एक मामले में सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए पुलिस को बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए हैं। मामले में याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता के अनुसार, न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत निर्धारित नोटिस की प्रक्रिया का पालन किए बिना गिरफ्तारी नहीं की जा सकती। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने बताया कि मामले में सात-आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें विधायक हरीश धामी को भी नामजद किया गया था। आरोप है कि पुलिस ने चार लोगों को बिना नोटिस दिए गिरफ्तार कर लिया। इनकी जमानत याचिकाएं अभी लंबित हैं। इसके बाद विधायक और एक अन्य व्यक्ति की ओर से हाईकोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने कहा कि धारा 35 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिए बिना संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की जा सकती। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को राहत देते हुए उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने (नो कोर्सिव एक्शन) का आदेश पारित किया। अधिवक्ता ने अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सात वर्ष तक की सजा वाले अपराधों में गिरफ्तारी स्वतः नहीं की जा सकती। ऐसी स्थिति में पुलिस को गिरफ्तारी की आवश्यकता के कारण दर्ज करने और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफआईआर में याचिकाकर्ता पर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। आरोप उनके सहयोगियों पर हैं, जिनके बारे में एफआईआर में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद उन्होंने कथित तौर पर तोड़फोड़ की और नारेबाजी की।