उत्तराखण्डः नहीं थम रहे सड़क हादसे! 100 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
देहरादून। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। रविवार देर शाम एक और बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान देहरादून के विकासनगर से हिमाचल प्रदेश के नेरवा जा रहा पिकअप वाहन हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर छिबरौ पावर हाउस के पास गहरी खाई में गिर गया। हादसे में हिमाचल प्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने तीनों शवों और गंभीर रूप से घायल चालक को खाई से बाहर निकाला। घायल चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश नंबर का एक पिकअप वाहन हरिपुर-कोटी-मीनस रविवार को शाम करीब छह विकास नगर से हिमाचल प्रदेश के नेरवा की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित चार लोग सवार थे। शाम करीब 7.15 पर छिबरौ पावर हाउस के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी कालसी वैभव गुप्ता ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार कुंवर सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी, सेनठा थाना नेरूवा, हिमाचल प्रदेश, रोहित पुत्र विपिन निवासी नेरवा, हिमाचल प्रदेश, मनमोहन सिंह निवासी नेरुवा हिमाचल प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक सुशील पुत्र कान्हा सिंह निवासी ग्राम केलारा, थाना नेरवा हिमाचल प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया।