उत्तराखण्डः देहरादून में कल से शुरू होगी रोड सेफ्टी सीरीज! खेल प्रेमियों में गजब का उत्साह, स्टेडियम में प्रैक्टिस को पहुंची वेस्टइंडीज लीजेंड की टीम
देहरादून। कल 21 सितंबर से राजधानी दून के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज की तैयारियां पूरी हो गयी हैं। इस सीरीज को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उधर क्रिकेट टीमों का पहुंचना भी लगातार जारी है। सीरीज को लेकर आज वेस्टइंडीज लीजेंड की टीम प्रैक्टिस करने के लिए स्टेडियम पहुंची। हालांकि ब्रायन लारा इस समय टीम के साथ नहीं हैं। रायपुर स्टेडियम में टीम के खिलाड़ियों ने हल्का अभ्यास किया। वहीं आज शाम को ऑस्ट्रेलिया की टीम भी प्रैक्टिस के लिए ग्राउंड पहुंचेगी। कल होने वाले मैच में वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद 22 सितंबर को इंडिया लीजेंड और इंग्लैंड लीजेंड, 23 को ऑस्ट्रेलिया व साउथ अफ्रीका लीजेंड, 24 को श्रीलंका व न्यूजीलैंड लीजेंड और 25 को दो मैच ऑस्ट्रेलिया-वेस्टइंडीज व भारत-बांग्लादेश लीजेंड के बीच खेले जाएंगे।